ताजा खबरें | ईवीएम वाले गोदाम में सीसीटीवी बंद होने के बाद राकांपा (एसपी) ने गड़बड़ी का दावा किया
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने सोमवार को दावा किया कि बारामती लोकसभा सीट की ‘ईवीएम’ जहां रखी गयी है, उस गोदाम में 45 मिनट तक सीसीटीवी कैमरे बंद रहे। इसके साथ ही पार्टी ने गड़बड़ी होने का आरोप लगाया।
पुणे, 13 मई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने सोमवार को दावा किया कि बारामती लोकसभा सीट की ‘ईवीएम’ जहां रखी गयी है, उस गोदाम में 45 मिनट तक सीसीटीवी कैमरे बंद रहे। इसके साथ ही पार्टी ने गड़बड़ी होने का आरोप लगाया।
बारामती में सात मई को मतदान होने के बाद पुणे में एफसीआई के इस गोदाम में निर्वाचन क्षेत्र की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) रखी गई हैं। इस सीट पर सुप्रिया सुले का मुकाबला अपनी भाभी एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा से है।
निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिसर में सुबह बिजली के कुछ काम के दौरान थोड़ी देर के लिए कैमरों के एक केबल को हटाया गया था।
बारामती से राकांपा (एसपी) उम्मीदवार सुले के चुनाव प्रभारी लक्ष्मीकांत खाबिया ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम में पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से लेकर पूर्वाह्न सवा 11 बजे तक सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिये गए थे। उन्होंने कहा कि इसी गोदाम में निर्वाचन क्षेत्र के ईवीएम रखे गए हैं।
खाबिया ने कहा, ‘‘निर्वाचन अधिकारियों ने हमसे कहा था कि सीसीटीवी चौबीसों घंटे चालू रहेंगे। हमारी पार्टी के प्रतिनिधियों को निगरानी करने के लिए तैनात किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सोमवार को, हमें यह सूचना मिली कि सीसीटीवी करीब 45 मिनट तक बंद रखे गए। हमने पुलिस के समक्ष यह मुद्दा उठाने का प्रयास किया। प्रशासन ने एक स्पष्टीकरण जारी किया लेकिन हम बारामती के निर्वाचन अधिकारी को एक आवेदन देंगे।’’
इस बीच, बारामती की निर्वाचन अधिकारी कविता द्विवेदी ने कहा कि पार्टी के दावे की जांच की गई और यह पाया गया कि गोदाम में एक इलेक्ट्रिशियन ने एक केबल हटा दिया, जिसके चलते ‘डिस्प्ले यूनिट’ बंद हुई।
उन्होंने कहा कि परिसर में सभी कैमरे चालू हैं और डेटा अक्षुण्ण है।
द्विवेदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वहां त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है और ईवीएम पूरी तरह से सील हैं तथा सील अक्षुण्ण हैं। अधिकारी नियमित रूप से स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा करते हैं। इसके अलावा, निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा कर रहे हैं। ईवीएम के भंडारण में कोई लापरवाही नहीं हुई है।’’
उन्होंने पोस्ट में कहा कि डेटा अक्षुण्ण है और सीसीटीवी फुटेज में कोई व्यवधान नहीं आया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब डिस्प्ले काम कर रहा था और जब यह बंद हुआ, उस वक्त शिकायतकर्ता के दो प्रतिनिधि भी मौजूद थे। चूंकि उपयुक्त प्रोटोकॉल का पालन किया गया इसलिए दहशत में आने की कोई जरूरत नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2024 09:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

