जरुरी जानकारी | नाल्को का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 57 प्रतिशत गिरकर 101 करोड़ रुपये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 57.1 प्रतिशत घटकर 100.51 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 26 जून नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 57.1 प्रतिशत घटकर 100.51 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
कंपनी ने बीएसई को बताया कि आय कम रहने के कारण के उसके शुद्ध लाभ में कमी आई है। इससे पहले वित्त वर्ष 2018-19 की मार्च तिमाही में कंपनी को 234.82 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था।
यह भी पढ़े | दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर, कोविड-19 के मामले 94 लाख के पार.
कंपनी ने बताया कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसकी कुल आय भी साल भर पहले के 2,863.89 करोड़ रुपये से घटकर 2,042.27 करोड़ रुपये पर आ गयी।
नाल्को ने कहा कि भारत और दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी के फैलने से कारोबार पर तथा सामान्य अर्थों में आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा है।
कोरोना वायरस महामारी तथा इसकी रोकथाम के लिये देश भर में लागू लॉकडाउन से आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान आया और इसके परिणामस्वरूप वैश्विक मांग में कमी आयी है।
कंपनी ने कहा कि उसके प्रबंधन ने क्रेडिट रिपोर्ट और संबंधित जानकारियों समेत आर्थिक पूर्वानुमान के आंतरिक व बाहरी स्रोतों का उपयोग किया है। इन सूचनाओं के विश्लेषण के आधार पर और वर्तमान अनुमानों के आधार पर, कंपनी को उम्मीद है कि देनदारियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा। अत: प्रबंधन को कोविड-19 के कारण कंपनी पर विशेष आर्थिक असर पड़ने की आशंका नहीं है।
कंपनी का कारोबार साल के दौरान 8,426 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने कहा कि धातु की वैश्विक कीमतों में गिरावट के कारण उसके कारोबार पर लगभग 2,900 करोड़ रुपये का प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
नाल्को के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्रीधर पात्रा ने कहा, ‘‘हम इस बारे में आशावादी हैं कि दीर्घ अवधि में खनन व परिशोधन खंड में उत्पादन बढ़ाने, नये कोयला ब्लॉक खोलने, कास्टिक सोडा जैसे प्रमुख कच्चे माल की आपूर्ति पर हमारा ध्यान केंद्रित करने से हमें उम्मीद है कि हम मौजूदा आर्थिक संकट से पार पा लेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)