नयी दिल्ली, 28 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ओडिशा के संबलपुर में हनुमान जयंती के दौरान हुई हिंसा पर ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया और इसकी जांच के लिए पार्टी की एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा के चार सांसदों वाली समिति जांच करने के लिए संबलपुर का दौरा करेगी और पार्टी अध्यक्ष को ‘तथ्यात्मक रिपोर्ट’ सौंपेगी।
भाजपा ने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ओडिशा के संबलपुर में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान हुई हिंसा पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।’’
जांच समिति में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद बृजलाल, झारखंड से समीर उरांव और आदित्य साहू और पश्चिम बंगाल से ज्योतिर्मय सिंह महतो शामिल हैं।
भाजपा ने कहा, ‘‘यह जांच दल घटनास्थल का दौरा करेगा और घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगा।’’
ओडिशा के इस पश्चिम शहर में दो अलग अलग तिथियों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। यह हिंसा 12 अप्रैल को हनुमान जयंती पर जब बाइक रैली निकाली गयी तब और 14 अप्रैल जब मुख्य शोभायात्रा निकाली गयी थी, तब हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY