जरुरी जानकारी | एमवी एनर्जी कर्नाटक में सौर विनिर्माण संयंत्र में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

बेंगलुरु, 20 फरवरी कर्नाटक के बड़े और मझोले उद्योग मंत्री एम बी पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले सौर फोटोवोल्टिक (पीवी) पैनल और मॉड्यूल बनाने वाली कंपनी एमवी एनर्जी ने राज्य में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना की घोषणा की है।

उन्होंने यह घोषणा विधान सौध में कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद की।

मंत्री ने कहा कि यह निवेश उन प्रस्तावों का हिस्सा है, जिसके लिए हाल ही में संपन्न वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएम)-इन्वेस्ट कर्नाटक 2025 के दौरान समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे।

मंत्री कार्यालय ने बयान में कहा कि एमवी एनर्जी शुरू में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिसमें पांच गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली एक सुविधा स्थापित की जाएगी, जिससे 10,000 नौकरियां पैदा होंगी।

कंपनी ने इस परियोजना के लिए बेंगलुरु आईटी निवेश क्षेत्र (आईटीआईआर) में 120 एकड़ भूमि का अनुरोध किया है। पाटिल ने कहा कि सरकार उचित विचार-विमर्श के बाद इस अनुरोध को पूरा करेगी।

एमवी एनर्जी सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक कलपुर्जों के निर्माण में एक प्रमुख कंपनी है। इन उपकरणों में एल्युमीनियम फ्रेम, ग्लास और वेफर्स आदि शामिल होते हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित संयंत्र हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देकर सतत विकास में योगदान देगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)