देश की खबरें | अनेकता में एकता की ताकत को और मजबूत करते हैं मुशायरे एवं कवि सम्मेलन: नकवी

नयी दिल्ली, 13 फरवरी केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि मुशायरे एवं कवि सम्मेलन देश की धरोहर हैं जो अनेकता में एकता की देश की ताकत को और मजबूत बनाते हैं।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय 20 फरवरी को यहां आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ मुशायरे का आयोजन करेगा।

नकवी ने बताया, ‘‘इस कार्यक्रम में "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" के संकल्प से सराबोर खूबसूरत रंग दिखेंगे और शायरों के कलाम "आत्मनिर्भर भारत" के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हिंदुस्तान का एहसास कराएंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुशायरे, कवि सम्मेलन हमारी शानदार धरोहर हैं। इनके जरिये हम "अनेकता में एकता" की हिंदुस्तानी ताकत को और मजबूत करते हैं।’’

मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इस आयोजन में वसीम बरेलवी, शबीना अदीब, मंज़र भोपाली, पॉपुलर मेरठी, सबा बलरामपुरी, नसीम निकहत, मुमताज नसीम, वी पी सिंह, आलोक श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह शजर, खुर्शीद हैदर, अकील नोमानी, नैयर जलालपुरी और सिकंदर हयात गड़बड़ हिस्सा लेंगे।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम एक तरफ तो सामाजिक एवं सांस्कृतिक सद्भाव का संदेश देते हैं जबकि दूसरी तरफ वे युवा पीढ़ी को देश की कला संस्कृति, विरासत एवं रीति-नीति से रूबरू कराते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)