देश की खबरें | मूसेवाला के परिवार ने केंद्र को पत्र लिखा, केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग की

मानसा (पंजाब), दो जून केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार ने उनकी (मूसेवाला की) हत्या के मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा है।

गायक की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए शेखावत बृहस्पतिवार को मूसेवाला के घर पहुंचे। इस दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और पार्टी नेता सुनील जाखड़ समेत कई अन्य नेता भी उनके साथ रहे।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मूसेवाला के परिवार ने इस हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार ने इस बाबत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।

पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने मूसेवाला की सुरक्षा कम की थी।

शेखावत ने 400 से अधिक लोगों की सुरक्षा वापस लेने और फिर उनका नाम सार्वजनिक करने को लेकर आम आदमी पार्टी नीत राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया गया और ऐसा करके राज्य सरकार ने अपराधियों को पीड़ितों को निशाना बनाने का निमंत्रण दिया।

वहीं, पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी बृहस्पतिवार को मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मूसेवाला की हत्या के बाद पहली बार आप सरकार के मंत्री गायक के परिवार से मिलने मानसा पहुंचे।

राज्य के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा, '' आज, मैंने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की। मैंने मूसेवाला के पिता को भरोसा दिलाया कि हम सच को सामने लाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। हम दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)