भुवनेश्वर, 27 जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को यहां राजभवन में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के सदस्यों से मुलाकात की।
राष्ट्रपति ने अपने गृह राज्य की तीन दिवसीय यात्रा के आखिरी दिन यहां राजभवन में आयोजित बैठक में कहा कि पीवीटीजी सबसे पिछड़े हैं और इसलिए उनके उत्थान के लिए तत्काल सरकारी मदद की जरूरत है।
उन्होंने पीवीटीजी से शिक्षा को ‘अत्यधिक’ महत्व देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के अलावा राष्ट्रीय फेलोशिप और विदेशी छात्रवृत्ति योजना में पीवीटीजी समुदाय के छात्रों के लिए सीटों का विशेष प्रावधान है।
उन्होंने बैठक में मौजूद ओडिशा के जनजातीय मामलों के मंत्री से पीवीटीजी की शिक्षा और कौशल विकास पर जोर देने को कहा।
उन्होंने प्रतिभागियों से कहा, ‘‘अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। लड़का और लड़की दोनों को शिक्षा हासिल करनी चाहिए क्योंकि केवल यही आपकी समस्याओं को दूर कर सकता हैं।’’
जब राष्ट्रपति को पता चला कि पीवीटीजी समुदाय की एक लड़की स्नातक है तो उन्होंने काफी खुशी व्यक्त की। वह लड़की बेरोजगार है इसीलिए उन्होंने राज्य के अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) विकास, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री से उसकी मदद के लिए कदम उठाने को कहा।
उन्होंने केंद्र की ओर से प्रधानमंत्री पीवीटीजी विकास मिशन की शुरुआत करने पर खुशी जताई और उन्होंने समुदाय की महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
एक प्रतिभागी ने बताया कि राष्ट्रपति ने 10 पीवीटीजी के लगभग 50 सदस्यों से मुलाकात की और लोगों के स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में कदम उठाने पर जोर दिया।
अधिकारी ने बताया कि मुर्मू की पीवीटीजी सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, राज्य के एसटी और एससी विकास, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री जगन्नाथ सारका और विभाग के सचिव उपस्थित थे।
एक साल पहले पदभार संभालने के बाद से देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति के रूप में वह देशभर में 1800 पीवीटीजी सदस्यों से मिल चुकी हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले उन्होंने अपने गृह जिले मयूरभंज की यात्रा के दौरान तीन पीवीटीजी के सदस्यों से मुलाकात की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY