देश की खबरें | मप्र : हरिद्वार से गंगाजल ला रहे कांवडियों को ट्रक ने रौंदा, पांच घायल

मुरैना (मप्र), 27 जुलाई उत्तराखंड के हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के रिठोराकलां गांव के समीप मंगलवार की रात एक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इस हादसे में पांच कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और मौके पर ट्रक चालक को पकड़कर पीट दिया।

जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश के बरैठा निवासी कांवड़ियों का दल मंगलवार देर रात हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा था, तभी मुरैना जिले के रिठोराकलां गांव के समीप रात 11 बजे एक ट्रक ने कांवड़ियों को रौंद दिया।

उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में पांच कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो कांवडियों को बेहतर इलाज के लिए देर रात इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी की हालत खतरे से बाहर हैं।

सिंह ने बताया कि घटना से आक्रोशित लोगों ने पहले ट्रक चालक को पीटा और इसके बाद उन्होंने ट्रक में आग लगा दी।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)