जबलपुर/उमरिया (मप्र), पांच जून पुणे के एक अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस के एक दल ने पोर्श कार दुर्घटना में मारे गए दो सॉफ्टवेयर इंजीनियरों के परिवारों से बुधवार को यहां जबलपुर और उमरिया में मुलाकात की।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनोज पाटिल के नेतृत्व में टीम ने 19 मई को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 24 वर्षीय आईटी पेशेवरों अनीश अवधिया और अश्विनी कोष्टा के परिवारों को स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
यह घटना उस समय हुई थी, जब पुणे शहर में एक तेज रफ्तार पोर्श, जिसे कथित तौर पर एक 17 वर्षीय लड़का चला रहा था, ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी थी। इस हादसे में अश्विनी और अनीश की मौत हो गयी थी।
अश्विनी जबलपुर और अनीश उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली के रहने वाले थे। पाटिल ने उमरिया में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की और जांच की पुष्टि की।
पाटिल ने बताया, "हम सही दिशा में जांच कर रहे हैं। मामला पूरी तरह से सही है और पूरी अपराध शाखा मामले पर नजर रखे हुए है।"
जबलपुर में पाटिल ने मृतक अश्विनी कोष्टा के माता-पिता से उनके घर पर मुलाकात की।
अश्विनी के पिता सुरेश कोष्टा ने कहा, "पाटिल ने हमें निष्पक्ष जांच और मामले में आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।"
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी ने हमें बताया है कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही दस्तावेज अदालत में पेश किए जाएंगे।
पाटिल ने कहा कि वे युवा इंजीनियर अश्विनी की मौत पर शोक व्यक्त करने आए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY