देश की खबरें | मप्र : सीवरेज खुदाई के दौरान जमीन धंसने से मजदूर की मौत

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 जनवरी देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सड़क पर सीवरेज खुदाई के दौरान सोमवार को जमीन धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मिट्टी तथा कीचड़ में धंसे मजदूर के शव को अर्थमूविंग मशीन के पंजे से निकालते वक्त उसका सिर कटकर धड़ से अलग हो गया तथा केवल धड़ ही बाहर आया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश रघुवंशी ने बताया कि शहर के मधुमिलन चौराहे के पास सड़क पर एक ठेकेदार फर्म की सीवरेज खुदाई के दौरान अचानक जमीन धंसी और दो मजदूर इसमें फंस गए।

रघुवंशी ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक को बचा लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सीवरेज खुदाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

छोटी ग्वालटोली पुलिस थाने के प्रभारी राकेश मोदी ने बताया कि हादसे में मरे मजदूर की अब तक पहचान नहीं हो सकी है क्योंकि अर्थमूविंग मशीन के पंजे से उसका शव निकालते वक्त उसका सिर कटकर धड़ से अलग हो गया तथा केवल धड़ ही बाहर आ सका है।

उन्होंने बताया,"हम मजदूर के कटे सिर को मलबे में तलाश रहे हैं। सिर मिलने के बाद ही उसकी पहचान हो सकेगी।"

इस बीच, शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने श्रमिक की मौत शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इंदौर नगर निगम अपने स्तर पर मामले की जांच करेगा और इसमें दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कदम उठाएगा।

हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)