इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 अप्रैल इंदौर में 34 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी और उसके पति का दावा है कि ब्यूटी पार्लर जाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उप निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि शहर के स्कीम नम्बर 51 क्षेत्र में रीना यादव (34) ने अपने घर में बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली।
यादव ने बताया, "महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी और जब उसने उसे वहां जाने से मना किया, तो महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली।"
उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है और उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
मृत महिला के पति बलराम यादव सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को बृहस्पतिवार दोपहर में ब्यूटी पार्लर जाना था। मैंने उसे मना किया, तो उसने इस बात को लेकर मुझसे जमकर विवाद किया और बाद में खुद को एक कमरे में बंद करके पंखे से फांसी लगा ली।"
यादव ने कहा कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर पत्नी के शव को फंदे से उतारा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY