देश की खबरें | मप्र: विजयपुर में कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया

भोपाल, 13 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने बुधवार को एक-दूसरे पर श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया, जहां आज उपचुनाव के तहत मतदान हुआ है।

प्रशासन ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा को कराहल के पास बसरेया में जिला सीमा पर रोक दिया, जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को राजस्थान से प्रवेश करते समय कुहाजापुर में रोक दिया गया।

पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विजयपुर में खुलेआम घूम रहे हैं और सत्तारूढ़ पार्टी के ‘‘गुंडे’’ मतदाताओं को धमका रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने श्योपुर जिले की सीमा पर केवल कांग्रेस नेताओं को रोका और हिरासत में लिया।

कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मध्य प्रदेश में लोकतंत्र अब मृत्युशैया पर है। न तो निर्वाचन आयोग और न ही मध्य प्रदेश प्रशासन हस्तक्षेप कर रहा है। कलेक्टर से लेकर पुलिस अधिकारी तक, हर कोई भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है।’’

प्रदेश भाजपा प्रमुख शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदिवासी समुदाय के सदस्यों पर हमला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हार के डर से कांग्रेस नेताओं ने आदिवासी भाइयों पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया और चुनाव को प्रभावित किया। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में क्यों रुके रहे?’’

उन्होंने निर्वाचन आयोग और प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव रामनिवास रावत के इस्तीफे के कारण जरूरी हो गया था, जो इस साल की शुरुआत में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश में मोहन यादव सरकार में वन मंत्री हैं और भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)