जरुरी जानकारी | एयर इंडिया के ज्यादातर पायलटों ने मुआवजा प्रणाली को स्वीकार किया: कैंपबेल विल्सन

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल एयर इंडिया के संशोधित वेतन संरचना एवं नौकरी की शर्तों के खिलाफ पायलटों के संघ के विरोध के बीच ज्यादातर पायलट ने पिछले सप्ताह पेश मुआवजा प्रणाली को स्वीकार कर लिया है। एयर इंडिया के प्रमुख कैंपबेल विल्सन ने शुक्रवार को यह बात कही।

घाटे में चल रही एयर इंडिया (एआई) ने पायलटों और चालक दल के सदस्यों के लिए एक नई मुआवजा प्रणाली की घोषणा की है। टाटा समूह ने सरकार से कंपनी का अधिग्रहण जनवरी 2022 में किया था।

कैंपबेल ने शुक्रवार को एयर इंडिया के कर्मचारियों को अपने साप्ताहिक सूचना में कहा कि एयरलाइन कार्यस्थल प्रौद्योगिकी और प्रशिक्षण के साथ-साथ नए तथा बेहतर कर्मचारी लाभों में निवेश कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 90 प्रतिशत चालक दल के सदस्यों और ज्यादातर पायलटों ने पिछले सप्ताह पेश मुआवजा प्रणाली को स्वीकार कर लिया है।’’

गौरतलब है कि एयर इंडिया ने 17 अप्रैल को अपने पायलटों और चालक दल के सदस्यों के लिए एक नई मुआवजा प्रणाली तैयार की थी। इसे दो संघों- भारतीय वाणिज्यिक पायलट संघ (आईसीपीए) और इंडियन पायलट गिल्ड (आईपीजी) ने खारिज कर दिया था।

एयर इंडिया की ओर से संशोधित वेतन संरचना और सेवा शर्तों को प्रसारित करने के तुरंत बाद दोनों संघों ने अपने सदस्यों से दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं करने का आग्रह किया।

वर्तमान में एयर इंडिया में 1,800 से अधिक पायलट कार्यरत हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)