देश की खबरें | दादरा और नगर हवेली लोकसभा सीट पर उपचुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान

सिलवासा, 30 अक्टूबर दादरा और नगर हवेली लोकसभा क्षेत्र के लिए शनिवार को हुए उपचुनाव में 75.51 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शाम सात बजे तक चला।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के अंतर्गत आने वाले निर्वाचन क्षेत्र के 333 बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मतगणना दो नवम्बर को होगी।

यह उपचुनाव मौजूदा सांसद (निर्दलीय) मोहन देलकर की मृत्यु के कारण कराना पड़ रहा है। वह 22 फरवरी को मुंबई के एक होटल में फांसी के फंदे पर लटके पाए गए थे।

इस सीट पर शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

प्रशासन ने उपचुनाव के दौरान स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात की थीं।

भाजपा के महेश गावित और कांग्रेस के महेश ढोडी के खिलाफ शिवसेना से देलकर की पत्नी कलाबेन देलकर चुनाव लड़ रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)