डोडा के पृथक केंद्र से 3,600 से ज्यादा मजदूरों को छुट्टी दी गई
जमात

डोडा, 19 मई जम्मू कश्मीर के डोडा से मंगलवार तक पृथक केंद्रों से 3,600 से ज्यादा मजदूरों को छुट्टी दी गई है। उनमें से कई ने दूरदराज के इलाकों में स्थित अपने गांव पहुंचने के बाद कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता पैदा करने का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने यहां बताया कि केंद्रशासित प्रदेश के बाहर से आए करीब 2500 लोग अब भी प्रशासन के पृथक केंद्रों में हैं।

भद्रवाह विश्वविद्यालय परिसर से मंगलवार को सुबह 145 कामगारों को छुट्टी दी गई। उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद पृथकवास से छुट्टी पाने वाले लोगों की संख्या 3,625 हो गई है।

प्रशासन, विशेष रूप से केंद्र में तैनात कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मजदूरों ने कहा कि पहले उन्हें पृथकवास में जाने से डर लग रहा था। इसलिए उन्होंने उदासीनता और आक्रामक तरीके से व्यवहार किया, जिसके लिए उन्होंने माफी मांगी।

भद्रवाह परिसर में कोविड केयर वेलनेस केंद्र के नोडल अधिकारी आरिफ हलीम खतीब ने कहा कि एक व्यक्ति ने इमारत की छत पर चढ़ कर खुदकुशी करने की धमकी दी थी।

उन्होंने कहा, "आज यही व्यक्ति रो रहा था और उसने कोरोना योद्धा बनने का संकल्प लिया। मेरे ख्याल से यह हमारे स्टाफ की उपलब्धि है। "

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)