मुंबई, 19 मई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि वंदे भारत अभियान के तहत अबतक 1,972 लोग विदेश से मुंबई लौटे हैं।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि 10 देशों से 13 विशेष उड़ानों के जरिये 1,972 भारतीय मुंबई लौटे हैं जबकि 27 और उड़ानों के शहर में उतरने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि इनमें से 822 लोग मुंबई के ही रहने वाले हैं जबकि 1,025 महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से संबंध रखते हैं। इसके अलावा, 125 लोग अन्य राज्यों के हैं।
बयान के अनुसार लंदन से 653, सिंगापुर से 243, मनीला से 150, सैन फ्रैंसिस्को और ढाका से 107-107, न्यूयॉर्क से 208, कुआलालंपुर से 201, शिकागो से 195, कुवैत से दो, अदीस अबाबा से 78, काबुल से 12 और मस्कट से 16 लोग वापस लौटे हैं।
ठाकरे ने कहा कि कि यात्रियों को शहर के विभिन्न होटलों या उनके घरों में अनिवार्य पृथकता में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के जिन निवासियों को उनकी सरकार ने वापस घर लौटने की अनुमति नहीं दी है, उन्हें मुंबई में पृथक रखा गया है।
भारत ने कोविड-19 और उसके बाद लॉकडाउन के चलते विदेश में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिये सात मई को वंदे भारत अभियान शुरू किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY