देश की खबरें | राष्ट्रीय हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले 1.44 लाख से अधिक लोगों ने तंबाकू छोड़ा : अधिकारी

नयी दिल्ली, 31 मई केंद्र की तंबाकू निषेध के लिए संचालित राष्ट्रीय हेल्पलाइन पर प्राप्त 4.77 लाख कॉल में से 1,44,938 कॉल करने वालों ने तंबाकू का सेवन छोड़ दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस राष्ट्रीय हेल्पलाइन का संचालन वल्लभभाई पटेल चेस्ट इंस्टीट्यूट (वीपीसीआई) द्वारा किया जाता है।

वर्ष 2016 में शुरुआत के बाद से ‘नेशनल टोबेको क्विट लाइन सर्विसेज’ (एनटीक्यूएलएस) की हेल्पलाइन पर करीब 82 लाख कॉल प्राप्त हुई हैं।

इस संबंध में किए गए सर्वेक्षण के निष्कर्ष रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) पर वीपीसीआई द्वारा जारी किए गए।

वीपीसीआई के निदेशक डॉ. राजकुमार ने कहा कि कॉल करने वाले 46.96 प्रतिशत लोग 18 से 24 वर्ष की आयु वर्ग के थे, जो तंबाकू का सेवन छोड़ने वालों का सबसे बड़ा समूह था।

उन्होंने कहा, ‘‘ये आंकड़े भारत के युवाओं में तंबाकू की लत से लड़ने के लिए बढ़ती जागरूकता और दृढ़ संकल्प को दर्शाते हैं।’’

उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले 43 प्रतिशत से अधिक लोग स्वरोजगार में लगे थे, 75.85 प्रतिशत के परिवार में तंबाकू सेवन का कोई इतिहास नहीं था और 68.63 प्रतिशत लोग खाने वाले तंबाकू का सेवन करते थे।

वीपीसीआई के निदेशक ने कहा कि धूम्रपान छोड़ने वालों की सूची में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है, जहां 1,50,925 (31.6 प्रतिशत) कॉल आए जिनमें से 29.68 प्रतिशत ने तंबाकू छोड़ा। इसके अलावा, 72.96 प्रतिशत कॉल ऐसे व्यक्तियों से थे जो एक से 10 साल तक तंबाकू का सेवन कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)