जरुरी जानकारी | आप सरकार के रुख से मूंग किसान परेशान: सुखबीर बादल

चंडीगढ़, 26 जून शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने लगातार दूसरे साल मूंग किसानों की उपज खरीदने ‘विफल’ रही है। इससे किसान परेशान होकर औने-पौने दाम पर अपनी उपज बेच रहे हैं। सरकारी एजेंसियां उनकी उपज खरीदने में विफल रही है।

बादल ने एक बयान में मांग की कि सरकारी एजेंसियां 7,755 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की खरीद करें और आप सरकार परेशान होकर की गयी बिक्री के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करे।

अकाली नेता ने कहा, पंजाब सरकार लगातार दूसरी बार मूंग किसानों से उनकी उपज खरीदने में विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले साल, किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की व्यक्तिगत अपील और इस आश्वासन के बाद मूंग बोई थी कि उनकी उपज एमएसपी पर खरीदी जाएगी। हालांकि, सरकार ने बाजार में आने वाली कुल उपज का केवल 17 प्रतिशत ही खरीदा, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।’’

बादल ने दावा किया, ‘‘इस सत्र में सरकारी खरीद पिछले साल की तुलना में 77 प्रतिशत कम है। सरकारी एजेंसियों ने अब तक केवल 2,280 क्विंटल मूंग खरीदा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान 9,902 क्विंटल मूंग खरीदा गया था।’’

उन्होंने कहा कि मान ने यह भी घोषणा की थी कि मूंग, मक्का और सूरजमुखी के बीज एमएसपी पर खरीदे जाएंगे, जिसके कारण किसानों ने इन फसलों का रकबा बढ़ाया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ''अब जब उपज खरीदने का समय आया है तो आप सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग गई है।''

बादल ने कहा कि जिन किसानों ने अपने मूंग, मक्का और सूरजमुखी के बीज एमएसपी से कम दरों पर बेचे हैं, उन्हें तदनुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)