एजेंसी न्यूज

Indian Meteorological Department: मुंबई में मानसून ने दी दस्तक, भारी बारिश हुई

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने की घोषणा की जिससे देश की वित्तीय राजधानी और उसके उपनगरों में सुबह भारी बारिश हुई.

Indian Meteorological Department: मुंबई में मानसून ने दी दस्तक, भारी बारिश हुई
मुंबई में भारी बारिश (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 9 जून : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) ने मुंबई में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने की घोषणा की जिससे देश की वित्तीय राजधानी और उसके उपनगरों में सुबह भारी बारिश हुई. कुछ निचले इलाकों में जल भराव की खबरें हैं. हालांकि लोकल ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है जबकि बेस्ट की कुछ बसों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई कार्यालय के प्रमुख डॉ. जयंत सरकार ने कहा, ‘‘मुंबई में आज मानसून ने दस्तक दे दी है.’’ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि अरब सागर में दोपहर के आसपास चार मीटर से अधिक की ऊंची लहरें उठने की संभावना है. शहर के कई हिस्सों और उपनगरों में सुबह बादल गरजने के साथ ही भारी बारिश हुई.

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाली कोलाबा वेधशाला में पिछले 24 घंटों में 77.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि सांताक्रूज वेधशाला (उपनगरों) में 59.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई. बीएमसी के अनुसार, शहर, पूर्वी उपगनरों और पश्चिमी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटों की अवधि में क्रमश: 48.49 मिमी., 66.99 मिमी और 48.99 मिमी. बारिश दर्ज की गई. यह भी पढ़ें: Madhya Pradesh: बैतूल मे जन्मदिन मनाकर लौट रहे लोगों की बाईक ट्रक से टकराई, 3 की मौत

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर 4.16 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है. आईएमडी ने मुंबई तथा उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने कहा, ‘‘मुंबई में बारिश हो रही है लेकिन ट्रेनें चल रही हैं.’’ आईएमडी ने शनिवार को महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून के दस्तक देने की पुष्टि की थी. मानसून तटीय रत्नागिरी जिले के हरनाई में पहुंचा था लेकिन अनुकूल परिस्थितियां होने के बावजूद मानसून धीमी गति से बढ़ता दिखाई दे रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2021 11:29 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).