देश की खबरें | दिल्ली में समय से पहले पहुंचा मानसून, बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 80 से ज्यादा लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून अपने तय समय 27 जून से दो दिन पहले ही पहुंच गया है लेकिन दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ में अगले कुछ दिन तक बारिश की गतिविधियां कमजोर ही रहेंगी।
नयी दिल्ली, 25 जून राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून अपने तय समय 27 जून से दो दिन पहले ही पहुंच गया है लेकिन दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ में अगले कुछ दिन तक बारिश की गतिविधियां कमजोर ही रहेंगी।
भारत मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यहां मानसून पहुंचने की घोषणा की और कहा कि मानसून अब आगे राजस्थान, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्से, हिमाचल प्रदेश, पूरी दिल्ली, हरियाणा के कुछ हिस्से और पंजाब के ज्यादातर हिस्से तक पहुंच चुका है।
राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (एनडब्ल्यूएफसी) की प्रमुख साथी देवी ने बताया कि हालांकि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ में अगले तीन दिन में बारिश की गतिविधियां कमजोर ही रहेंगी।
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एक निजी कंपनी सकाईमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा कि मानसून दिल्ली तक पहुंच चुका है लेकिन बारिश ज्यादा नहीं होगी।
यह भी पढ़े | हैदराबाद में 12 वर्षीय लड़की के यौन शोषण के आरोप में कांस्टेबल गिरफ्तार.
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बृहस्पतिवार शाम में और शुक्रवार को हल्की, कहीं-कहीं बारिश होगी। वहीं 27 और 28 जून को शुष्क मौसम बना रहेगा। हालांकि इस साल दिल्ली में मानसून सामान्य रहेगा।
सामान्य तौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है। लेकिन इस साल भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के आगमन को लेकर नई तारीखें जारी की थीं। राष्ट्रीय राजधानी में इससे पहले मानसून के आने की तारीख 29 जून रहती थी।
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि मानसून का उत्तरी क्षेत्र नागौर, अलवर, दिल्ली, करनाल और फिरोजपुर से होकर गुजरता है। मानसून के बादल की वजह से बुधवार को शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई थी लेकिन विभाग ने बृहस्पतिवार को मानसून के आगमन की घोषणा की थी।
चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिणपश्चिम मानसून पंजाब के ज्यादातर हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों की तरफ बढ़ गया है।
दोनों ही राज्यों में अधिकतम तापमान में सामान्य की अपेक्षा कुछ डिग्री की डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यही स्थिति दोनों की राजधानी चंडीगढ़ में भी रही।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे है। हरियाणा के नरनौल में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे हैं। वहीं हिसार में तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। करनाल में दिन में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।
पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं अमृतसर और लुधियाना में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान क्रमश: 33.5 और 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार 23 जिलों में 83 लोगों की मौत आकाशीय बिजली गिरने की वजह से हो गई और सबसे ज्यादा 13 मौत गोपालगंज जिले में हुई।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में राज्य के 38 जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं इस दौरान बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्र उत्तरी बिहार में भारी से भारी बारिश हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2020 10:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

