देश की खबरें | कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर मोदी ने साधा निशाना, ‘‘लूट’’ में लिप्त होने का लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि जब लोग मुसीबत में हैं तो वह ''लूट'' में लिप्त है।
कलबुर्गी (कर्नाटक), 16 मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि जब लोग मुसीबत में हैं तो वह ''लूट'' में लिप्त है।
भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान की कलबुर्गी में कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे के गृह क्षेत्र में औपचारिक शुरुआत करते हुए मोदी ने यह दावा भी किया कि कर्नाटक के लोगों ने आगामी चुनाव में राज्य में भाजपा को विजयी बनाने का फैसला कर लिया है।
मोदी ने कहा, ''कर्नाटक में कांग्रेस के प्रति आपके (लोगों के) मन में जो गुस्सा है, मैं वह समझ सकता हूं। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो भले ही अपनी वेशभूषा बार-बार बदल ले लेकिन उसके कुकर्म नहीं बदलते। यही कारण है कि कर्नाटक के लोग सचेत हैं और उसके (कांग्रेस के) प्रति उनमें गुस्सा है।’’
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक दक्षिण भारत में कर्नाटक भाजपा के लिए बेहद अहम है क्योंकि भाजपा अतीत में यहीं पर सत्ता पर काबिज रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य की कुल 28 में से 25 सीटें मिली थीं। पार्टी समर्थित एक निर्दलीय ने भी जीत हासिल की थी।
मोदी ने यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक के लोग इतने कम समय में ही राज्य की कांग्रेस सरकार से निराश हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि लोग कांग्रेस की सच्चाई से वाकिफ हैं। कई मौके मिलने के बावजूद कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है।’’
मोदी ने कर्नाटक में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों को खुलेआम संरक्षण मिल रहा है और लोगों के मन में भय उत्पन्न किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जब लोग परेशान हैं तो कांग्रेस लूट में व्यस्त है।’’
मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार को कांग्रेस से अलग नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘इन परिवारवादियों के लिए भ्रष्टाचार उनकी ऑक्सीजन है, भ्रष्टाचार के बिना ये लोग राजनीति में सांस भी नहीं ले सकते।"
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करना और चुनाव के बाद अपनी जेबें भरना कांग्रेस का काम है। उन्होंने कांग्रेस पर कर्नाटक को ‘‘फैमिली एटीएम’’ बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पार्टी और परिवार के खर्चों को पूरा करने के लिए राज्य के लोगों की कमाई का इस्तेमाल किया जा रहा है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘ जहां भी जनता के पैसे का उपयोग कुछ लोगों का पेट, जेब और खजाना भरने के लिए किया जाता है, वहां कुशासन, अव्यवस्था और अराजकता फैल जाती है। चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने के बजाय कर्नाटक के हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और भगवंत खुबा, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक, गुलबर्गा लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार उमेश जाधव सहित अन्य इस मौके पर उपस्थित थे।
मोदी ने कहा कि लोगों के उत्साह को देखकर ऐसा लग रहा है कि कर्नाटक ने भाजपा को रिकॉर्ड संख्या में सीटों पर विजयी बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने चुनाव की घोषणा से पहले ही तय कर लिया है कि फैसला क्या होगा।
उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ दिनों से दक्षिण भारत में हैं और उससे पहले जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में थे। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में पत्रकारों ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि 1988 के बाद श्रीनगर में कभी किसी राजनीतिक दल की इतनी बड़ी रैली नहीं देखी गई।
मोदी ने कहा, ‘‘मैंने श्रीनगर में जो दृश्य और जुनून देखा, भारत के प्रति जो उत्साह देखा... मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि देश अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले कुछ दिनों से दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में अपने प्रचार अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोग भाजपा को आशा के साथ देख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे दक्षिण भारत में सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों ने भाजपा को अपना अपार समर्थन दिया है। दक्षिण में भाजपा को मिल रहे इस भारी समर्थन को देखते हुए कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग कह रहे हैं, उनके एक नेता ने संसद में भी कहा था, हमारे विरोधी भी कह रहे हैं--इस बार भाजपा होगी।’’
मोदी ने इंगित किया कि कांग्रेस ने पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले मुफ्त बिजली का वादा किया था, लेकिन लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिना, किसान अपने पंप सेट चलाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भाजपा सरकार प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत केंद्रीय सहायता के अलावा किसानों को 4,000 रुपये दे रही थी लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे बंद कर दिया है।
मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ‘लूट’ की स्थिति ऐसी है कि छोटे-छोटे विकास कार्यों के लिए भी उनके पास पैसा नहीं है और विधायकों से कहा गया है कि पैसा नहीं है।
प्रधानमंत्री ने जनसभा में मौजूद लोगों से सवाल किया, ‘‘क्या कोई सरकार इस तरह काम कर सकती है? क्या यह लोगों का भला कर सकती है? क्या वह वादे पूरे कर सकती हैं?’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी जानती है कि वह कर्नाटक में एक बार फिर सरकार नहीं बना सकती।
मोदी ने कहा, ‘‘इसलिए कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा जितना संभव हो उतना लूटना है। क्या आप उन्हें लूटने देंगे।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार आपको लूट रही है तो आपकी आवाज संसद में सुनाई देना जरूरी है। कर्नाटक को लूट से बचाने के लिए मुझे सांसदों के रूप में एक 'रक्षा कवच' बनाना होगा, ताकि राज्य पर नजर रखी जा सके और मुझे दिल्ली में पल-पल की जानकारी मिलती रहे, ताकि मैं लूट को रोक सकूं।’’
कांग्रेस पर देश को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जब हम कहते हैं कि ‘भारत’ लोकतंत्र की जननी है, तो पूरी दुनिया इसे स्वीकार करती है, लेकिन यह सुनकर कांग्रेस के पेट में दर्द हो जाता है। कांग्रेस देश, इसकी विरासत और परंपराओं को बदनाम कर रही है।”
उन्होंने लोगों से यह गारंटी देने के लिए भी कहा कि भाजपा हर निर्वाचन क्षेत्र में जीते और कांग्रेस राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2024 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

