कोपेनहेगन, तीन मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी डेनिश समकक्ष मेट्टे फ्रेडेरिक्सेन से उनके 18वीं सदी के आधिकारिक आवास मारिनबोर्ग पर मुलाकात की, जो एक पहाड़ी पर स्थित है और चारों ओर से घास के मैदान, हरी-भरी वादियों तथा झीलों से घिरा हुआ है।
मोदी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘मारिनबोर्ग ने प्रधानमंत्री फ्रेडेरिक्सेन के साथ सार्थक बातचीत करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया। हमने भारत-डेनमार्क संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए व्यापक चर्चा की। ’’
अपनी डेनिश समकक्ष के साथ प्रधानमंत्री मोदी 18वीं सदी के भवन के चारों ओर स्थित घास के मैदान पर भी टहले।
मारिनबोर्ग में डेनिश प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक आवास में मोदी को घूमाया, जिन्होंने वहां ओडिशा का एक पट्टचित्र लगा देखा, जो राम दरबार का चित्रण करता है। यह पट्टचित्र फ्रेडेरिक्सेन को मोदी ने पिछले साल उनकी भारत यात्रा पर उपहार में दिया था।
इससे पहले, डेनिश प्रधानमंत्री ने यहां हवाईअड्डे पर मोदी की अगवानी की, जहां प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्य प्रधानमंत्री (मोदी) का स्वागत करने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में आए थे।
मोदी ने जब यहां भारतीय समुदाय से संवाद किया उस वक्त डेनिश प्रधानमंत्री भी मौजूद थीं।
फ्रेडेरिक्सेन ने कहा, ‘‘मुझे आपसे यह कहना है कि आप सचमुच में जानते हैं कि एक राजनेता का स्वागत कैसे करना है। कृपया डेनिश लोगों को सिखाएं कि यह कैसा किया जाता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY