विदेश की खबरें | मोदी ने सुनक, विडोडो और संरा प्रमुख गुतारेस से जापान में मुलाकात की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

हिरोशिमा, 20 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रिटेन के अपने समकक्ष ऋषि सुनक, इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस से इस जापानी शहर में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात की।

मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में तीन सत्रों में भाग लेने के लिए शुक्रवार को हिरोशिमा पहुंचे। सुनक से मुलाकात के दौरान दोनों नेता गर्मजोशी से गले मिले।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सुनक ने अपने ट्विटर हैंडल पर मोदी के साथ तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों नेता गर्मजोशी से गले मिलते दिख रहे हैं।

इंडोनेशियाई नेता के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति जोको और श्रीमती विडोडो से मिला। भारत इंडोनेशिया के साथ मजबूत संबंधों को बड़ी प्राथमिकता देता है।’’

बैठक के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हिरोशिमा में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के साथ अच्छी बातचीत।’’

इससे पहले, मोदी ने अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा, दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यून सुक येओल, वियतनामी समकक्ष फाम मिन्ह चिन्ह के साथ बातचीत की और जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज़ से भी मुलाकात की।

जी-7 समूह में अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, कनाडा और जापान शामिल हैं। यह दुनिया के सबसे अमीर लोकतंत्रों का प्रतिनिधित्व करता है। जापान ने जी-7 की अपनी अध्यक्षता के तहत, भारत और सात अन्य देशों को शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)