एजेंसी न्यूज

Rajasthan Heavy Rain: राजस्थान में हुई मध्यम से भारी बारिश, वर्षाजनित हादसों में एक महिला सहित 2 लोगों की मौत

राजस्थान के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को मध्यम से भारी बारिश हुई तथा वर्षाजनित हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. हालांकि तीन पुलिसकर्मियों समेत आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया.

Rajasthan Heavy Rain: राजस्थान में हुई मध्यम से भारी बारिश, वर्षाजनित हादसों में एक महिला सहित 2 लोगों की मौत
(Photo Credits Twitter)

जयपुर, 16 अगस्त : राजस्थान के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को मध्यम से भारी बारिश हुई तथा वर्षाजनित हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. हालांकि तीन पुलिसकर्मियों समेत आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक युवक कुंड में डूब गया. थानाधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक ने बताया कि हथनी कुंड में अपने दोस्तों के साथ नहाने गए शाहिद (20) की डूबने से मौत हो गई. उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और नागरिक सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे एवं करीब 30 मिनट तक चले बचाव अभियान के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया.

अजमेर के मांगलियावास थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि अर्जुनपुरा जागीर गांव में खेत में काम कर रही कमला देवी (56) की बिजली गिरने से मौत हो गई. बूंदी में देईखेडा के थानाधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को ले जा रही पुलिस गाड़ी बारिश के पानी के तेज बहाव में कई मीटर तक नाले में बह गई. पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, उन्हें कोई चोट नहीं आई. यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में आज होगा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, घाटी में धारा 370 हटने के बाद पहली बार होगी वोटिंग

देईखेडा के थानाधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि वे दो कांस्टेबलों के साथ पुलिस केस के सिलसिले में डॉक्टर के पास जा रहे थे, तभी जीप डूब गई और बारिश के पानी के तेज बहाव में बह गई. उन्होंने बताया कि तीनों सुरक्षित हैं. ब्यावर जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में भी पानी के तेज बहाव में तीन लोग बह गए. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें बचा लिया. इसी तरह अजमेर के पीसांगन क्षेत्र में दो युवक नदी में बह गए, जिन्हें बचा लिया गया. जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में जयपुर, दौसा, सीकर, नागौर और जोधपुर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 17 अगस्त से राज्य में बारिश कम होने की संभावना है.

अधिकारी ने बताया कि जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर संभागों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. केन्द्र के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के जयपुर में 150 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के सांजू (नागौर) में 107 मिमी बारिश दर्ज की गई. बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक बारां के अंता में 56 मिमी, अलवर में 32.2 मिमी, सीकर में 28 मिमी, जोधपुर में 20.6 मिमी, भीलवाड़ा में 18 मिमी और करौली में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस अवधि के दौरान कई अन्य स्थानों पर 12 मिमी से कम बारिश दर्ज की गई. अधिकारी ने बताया कि शनिवार से राज्य में बारिश कम हो जाएंगी.बुधवार शाम को यहां भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और यातायात बाधित हो गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2024 10:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).