देश की खबरें | मंगल पर जाने वाले रोवर ‘ऑपर्च्युनिटी’ का मॉडल बेंगलुरु स्थित संग्रहालय में प्रदर्शन के लिए रखा गया

बेंगलुरु, एक जून यदि आप यह जानने को उत्सुक हैं कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के, मंगल पर जाने वाले रोवर ‘ऑपर्च्युनिटी’ ने लाल ग्रह की बंजर भूमि को कैसे पार किया और इसके बारे में कैसे कई रहस्य उजागर किए, तो आप यहां विश्वेश्वरैया औद्योगिक और तकनीकी संग्रहालय (वीआईटीएम) की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी गैलरी आ सकते हैं।

मार्स रोवर ऑपर्च्युनिटी के मॉडल का उद्घाटन बृहस्पतिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के यूआर राव उपग्रह केंद्र के निदेशक एम शंकरन ने किया। कॉर्नेल विश्वविद्यालय के छात्रों ने इसे तैयार किया है और प्रदर्शन के लिए इसे वीआईटीएम में रखा गया है।

मॉडल को शुरू में अमेरिका में वर्जीनिया के डलस में स्मिथसोनियन एयर एंड स्पेस म्यूजियम में प्रदर्शित किया गया था और बाद में दुबई में 2020 वर्ल्ड एक्सपो के दौरान यूएस पवेलियन में प्रदर्शन के लिए इसे रखा गया था।

इसके बाद चेन्नई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के अमेरिकन सेंटर में इसे लाया गया जहां इसे नवंबर 2022 से मार्च 2023 तक प्रदर्शित किया गया और फिर इसे वीआईटीएम लाया गया।

अमेरिका की अंतराष्ट्रीय व्यापार के लिए अवर वाणिज्य मंत्री मारिसा लागो ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत की महत्वपूर्ण क्षेत्रों में घनिष्ठ साझेदारी है, वहीं अंतरिक्ष भी हमारी साझेदारी का एक और उदाहरण प्रस्तुत करता है, जिसमें आज का लोकार्पण समारोह हमारी पारस्परिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।’’

चेन्नई में अमेरिकी महावाणिज्य दूत जूडित राविन ने कहा कि मार्स रोवर ऑपर्च्युनिटी का संपूर्ण मॉडल भारत में आने से यह संदेश मिलता है कि भारत और अमेरिका के बीच दीर्घकालिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी साझेदारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)