देश की खबरें | मिजोरम: असम रेजिमेंट के 84वें स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की

आइजोल, 16 जून आइजोल में भारतीय सेना की असम रेजिमेंट का 84वां स्थापना दिवस सोमवार को मनाया गया और मिजोरम के राज्यपाल जनरल (सेवानिवृत्त) विजय कुमार सिंह ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यहां युद्ध स्मारक पर शहीद वीर जवानों की याद में राज्यपाल समेत मिजोरम एक्स सर्विस लीग (एमईएसएल), असम रेजिमेंट और असम राइफल्स के प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद यहां ‘एआर ग्राउंड’ में आयोजित संवाद सत्र में रेजिमेंट के उल्लेखनीय योगदान पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान सिंह ने राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और अमूल्य सेवा के लिए असम रेजिमेंट की सराहना की और बधाई दी।

उन्होंने रेजिमेंट को समर्पण और साहस की अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के साथ ही भावी पीढ़ियों को बलिदान और सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के विधायक व एमईएसएल के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) क्लेमेंट लालमिंगथांगा ने समारोह के शानदार आयोजन के लिए असम राइफल्स की सराहना की।

इस कार्यक्रम में असम राइफल्स के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ब्रिगेडियर पुष्पेंद्र सोरायण और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित व ‘वर्ल्ड वॉर-2 वेटेरन्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष हवलदार लालबियाकथांगा सहित कई लोग मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)