देश की खबरें | मिजोरम के राज्यपाल ने लोगों से तपेदिक रोकथाम के बारे में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया

आइजोल, 20 सितंबर मिजोरम के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपति ने राज्य के लोगों से तपेदिक रोग (टीबी) की रोकथाम के बारे में जागरूकता फैलाने और ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत ऑनलाइन मंच ‘‘निक्षय’’ के माध्यम से टीबी रोगियों का संरक्षण करने का आग्रह किया है।

कंभमपति ने सोमवार को यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ को राज्यव्यापी स्तर पर अपनाने की प्रक्रिया शुरू की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नौ सितंबर को शुरू ‘प्रधानमंत्री-टीबी मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत की थी।

इसके अलावा कार्यक्रम का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) 2030 से पांच साल पहले टीबी को पूरी तरह से खत्म करना है। इस कार्यक्रम के तहत तपेदिक रोगियों की विशेष व्यक्ति, निर्वाचित प्रतिनिधियों या संस्थानों के संरक्षण में देखभाल की जाएगी।

राज्यपाल ने बताया, ‘‘अब तक मिजोरम से केवल 22 लोगों ने निक्षय मंच के तहत संरक्षणकर्ता के तौर पर पंजीकरण करवाया है। इसलिए, मैं राज्य के सभी लोगों, निर्वाचित नेताओं, गैर सरकारी संगठनों, धार्मिक निकायों, सार्वजनिक और निजी निकायों और व्यक्तियों से इस मुहिम के जरिये टीबी रोगियों के संरक्षण का जिम्मा उठाने का आग्रह करता हूं।’’

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से देश से टीबी की बीमारी को जड़ से खत्म करने में काफी मदद मिलेगी।

इस दौरान कंभमपति ने घोषणा की कि वह 20 टीबी रोगियों का संरक्षण करेंगे।

समारोह में उपस्थित राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ आर ललथंगलियाना ने बताया कि 2021 में टीबी के 1,700 से अधिक मामले सामने आए और 70 से अधिक लोगों की टीबी के कारण मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कम से कम 1,358 टीबी के रोगियों का उपचार चल रहा है, जिनमें से 1,039 ने ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत सहायता प्राप्त करने के लिए अपनी सहमति दी है।

ललथंगलियाना ने यह भी घोषणा की कि वह ‘प्रधानमंत्री-टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत टीबी के 10 मरीजों का संरक्षण करेंगे।

मंत्री ने बताया कि मिजोरम को टीबी मुक्त बनाने के मकसद से राज्य सरकार बड़े पैमाने पर प्रयास कर रही है।

फाल्गुनी माधव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)