अल्पसंख्यक आयोग ने हिरासत में युवक की मौत मामले में UP प्रशासन से रिपोर्ट तलब की
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में राज्य प्रशासन से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है.
नयी दिल्ली, 12 नवंबर : राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कासगंज में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में राज्य प्रशासन से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है. अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने संवाददाताओं को बताया कि उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर रिपोर्ट तलब की है. उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया में आई खबर पर संज्ञान लेते हुए हमने डीजीपी और मुख्य सचिव को पत्र लिखा. 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है.’’
गौरतलब है कि कासगंज में अल्ताफ नामक युवक की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. पुलिस का कहना है कि इस युवक ने खुदकुशी की है. मृतक के परिजन का आरोप है कि पुलिस द्वारा बेरहमी से पीटे जाने की वजह से उसकी मौत हुई है. इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. अल्पसंख्यक आयोग ने त्रिपुरा में पिछले दिनों हुई हिंसा के मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने मुख्य सचिव को आठ नवंबर को पत्र लिखा था. यह भी पढ़ें : 104 साल की दादी ने साबित किया सीखने की नहीं होती कोई उम्र, हिम्मत और लगन से असंभव को किया संभव
आयोग ने त्रिपुरा प्रशासन से सवाल किया है कि हिंसा में कितने लोग शामिल थे, कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है, किन धाराओं के मामला दर्ज किया गया और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2021 04:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

