देश की खबरें | मंत्री ने विपक्षी विधायक से अंतरात्मा की आवाज सुनने एवं मुर्मू को वोट देने की अपील की

गांधीनगर, 18 जुलाई गुजरात में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता सुखराम राठवा सोमवार को उस समय हैरान रह गए जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं राज्य के मंत्री जीतू वघानी ने उनसे अपनी ‘अंतरात्मा’ की आवाज सुनकर विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बजाय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में वोट डालने की अपील की।

विधानसभा परिसर में तीसरे तल पर संवाददाताओं के सामने आदिवासी नेता राठवा एवं शिक्षा मंत्री वघानी के बीच गुजरात में संक्षिप्त बातचीत हुई। वहां चौथे तल पर राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान चल रहा है।

जब राठवा मतदान करने एवं टीवी चैनलों से बातचीत करने के बाद विधानसभा परिसर में अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे तब वघानी ने उन्हें रोका। वघानी ने उनसे कहा, ‘‘ मुर्मूजी आदिवासी समुदाय से आती हैं। इसलिए मैं आपसे एवं अन्य कांग्रेस विधायकों से अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने एवं उनके पक्ष में वोट डालने की अपील करता हूं। ’’ राठवा मुस्कुरा दिए एवं वह वहां से चले गये।

राठवा ने पहले कहा था, ‘‘ यह स्पष्ट है कि भाजपा मुर्मू को देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति पेशकर गुजरात, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में आदिवासी मतदाताओं को लुभाना चाहती है।’’

इस बीच आंध्रप्रदेश से राज्यसभा सदस्य परीमल नाथवानी की विधानसभा परिसर में मौजूदगी से लोगों को थोड़ा हैरत हुई क्योंकि लोकसभा एवं राज्यसभा के अन्य सदस्यों की भांति वोट डालने के लिए उन्हें दिल्ली में होना चाहिए था।

नाथवानी ने कहा कि दिल्ली के बजाय गांधीनगर में वोट डालने के लिए उन्होंने संबंधित चुनाव अधिकारियों से पहले ही अनुमति ले ली है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैंनेसंबंधित अधिकारियों की अनुमति पर यहां अपना वोट डाला।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)