जरुरी जानकारी | खान मंत्री ने महत्वपूर्ण खनिजों की दूसरे दौर की नीलामी शुरू की

नयी दिल्ली, 29 फरवरी केंद्रीय खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बृहस्पतिवार को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी का दूसरा चरण शुरू किया।

उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की 18 खदानों को शामिल किया गया है। इस खनिज भंडार का अनुमानित मूल्य लगभग 30 लाख करोड़ रुपये है।

जोशी ने नवंबर में लिथियम सहित 20 महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी का पहला दौर शुरू किया था। इनकी कीमत 45,000 करोड़ रुपये थी।

दूसरे चरण के 18 खनिज ब्लॉकों में 17 को समग्र लाइसेंस देने के लिए और एक को खनन पट्टा देने के लिए रखा गया है।

दूसरे दौर की नीलामी में खनिजों में ग्रेफाइट, टंगस्टन, वैनेडियम, आरईई, निकेल, पोटाश, कोबाल्ट, फॉस्फोराइट, पीजीई शामिल हैं।

जोशी ने कहा कि ये खनिज ब्लॉक आठ राज्यों - आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और तमिलनाडु में हैं।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारत में पहली बार पोटाश खनन शुरू हो सकता है। इससे देश के किसानों को काफी मदद मिलेगी। दो पोटाश ब्लॉक राजस्थान के हनुमानगढ़ और बीकानेर में हैं।

जोशी ने कहा कि ये खनिज देश की आर्थिक वृद्धि और सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)