नयी दिल्ली, चार जुलाई दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन के डाबरी मोड़ और जनकपुरी पश्चिम स्टेशन के बीच एक हिस्से में पटरियों पर पानी भरने से ट्रेन सेवा मंगलवार को कई घंटों तक प्रभावित रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मजेंटा लाइन दिल्ली में स्थित जनकपुरी पश्चिम स्टेशन को पड़ोसी उत्तर प्रदेश में नोएडा के बॉटनिकल गार्डन स्टेशन से जोड़ती है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक बयान में बताया, “ डाबरी मोड़ और जनकपुरी पश्चिम खंड के बीच जलभराव के कारण मजेंटा लाइन (जनकपुरी पश्चिम से बॉटनिकल गार्डन तक लाइन -8) पर ट्रेन सेवाओं को आज दुरुस्त किया गया।”
बयान में कहा गया है कि जनकपुरी पश्चिम और टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट स्टेशन के बीच सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजकर 35 मिनट तक एक लाइन पर ही ट्रेन सेवा उपलब्ध रही। उसने अपराह्न तीन बजकर 44 मिनट पर ट्वीट किया कि खंड पर सामान्य सेवा बहाल हो गई है।
बयान में बताया गया है कि मजेंटा लाइन के शेष खंड, मसलन टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट से बॉटनिकल गार्डन के बीच इस दौरान सेवा सामान्य रही और दोनों लाइन पर ट्रेन उपलब्ध रहीं।
दिल्ली मेट्रो ने इस बाबत यात्रियों को सतर्क करने के लिए ट्विटर पर भी जानकारी साझा की।
डीएमआरसी ने कहा कि आग बुझाने के लिए डाली गई पाइपलाइन में रिसाव के चलते खंड पर जलभराव हुआ और अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर इसे दुरूस्त करने के बाद पूरी लाइन पर सामान्य सेवा बहाल हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY