Heatwave: देश में 17 स्थानों पर पारा 48 डिग्री सेल्सियस के पार, तीन दिन बाद राहत के आसार
देश में सोमवार को 17 स्थानों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के भी पार पहुंच गया. उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लगातार गर्मी से लोगों का स्वास्थ्य और उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है.
नयी दिल्ली, 27 मई: देश में सोमवार को 17 स्थानों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के भी पार पहुंच गया. उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लगातार गर्मी से लोगों का स्वास्थ्य और उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण तीन दिनों के बाद चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. Scorching Heat in Delhi: दिल्ली में 48.8 डिग्री पहुंचा पारा, न्यूनतम तापमान भी 30 के पार, जानें कब मिलेगी राहत.
उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और यहां के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया. मौसम कार्यालय ने कहा कि दिल्ली के लिए सोमवार को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया था और अगले तीन दिनों तक ऐसा ही रहेगा.
आईएमडी ने जून में उत्तर पश्चिम भारत और मध्य क्षेत्र के आसपास के हिस्सों में लू वाले दिनों की संख्या अधिक रहने का पूर्वानुमान जताया है. महापात्र ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में जून के महीने में आम तौर पर तीन दिन लू चलती है, लेकिन इस बार इन इलाकों में दो-चार दिन ज्यादा ऐसी स्थिति बन सकती है यानी इन इलाकों में चार से छह दिन भयंकर लू चलने का अनुमान है.
उन्होंने कहा कि दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर, जून में पूरे देश में अधिकतम तापमान सामान्य से सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है. सोमवार को लोगों को जानलेवा गर्मी का सामना करना पड़ा, 17 स्थानों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया.
राजस्थान का फलोदी 49.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा. राजस्थान में कम से कम आठ और स्थानों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. हरियाणा के सिरसा में पारा 48.4 डिग्री, दिल्ली के मुंगेशपुर में 48.8 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 48.4 डिग्री, उत्तर प्रदेश के झांसी में 48.1 डिग्री और मध्य प्रदेश के निवाड़ी में 48.7 डिग्री तक पहुंच गया.
यहां तक कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में भी गर्मी का सामना करना पड़ा है. ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मंडी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री दर्ज किया गया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 27, 2024 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

