देश

Scorching Heat in Delhi: दिल्ली में 48.8 डिग्री पहुंचा पारा, न्यूनतम तापमान भी 30 के पार, जानें कब मिलेगी राहत

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. आसमान से आग बरस रही है और लू के थपेड़े आग की लपटों जैसे लग रहे हैं. तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया है.

Scorching Heat in Delhi: दिल्ली में 48.8 डिग्री पहुंचा पारा, न्यूनतम तापमान भी 30 के पार, जानें कब मिलेगी राहत
Representational Image | PTI/Pixabay

नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. आसमान से आग बरस रही है और लू के थपेड़े आग की लपटों जैसे लग रहे हैं. तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार (27 मई) को दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर लू चली और कुछ जगहों पर भीषण लू चली. मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में गर्मी से अगले दो-तीन दिनों तक राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं. मौसम विभाग ने लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने सोमवार को कहा कि भीषण गर्मी का सामना कर रहे राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से राहत मिल सकती है. Heatwave Alert: झुलसाती गर्मी से राहत नहीं! मौसम विभाग ने फिर जारी किया हीटवेव का रेड अलर्ट.

आईएमडी के महानिदेशक ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में भीषण लू चल रही है और यह अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन 30 मई से इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है. उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

जून के पूरे महीने झुलसाएगी गर्मी

आईएमडी के महानिदेशक ने यह भी कहा कि यह राहत अस्थायी होगी और जून के महीने में दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है. उन्होंने यह भी कहा कि जून में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा दिनों तक तेज लू चल सकती है.

जून में अधिक दिनों तक लू के आसार

महापात्र ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में जून के महीने में आम तौर पर तीन दिन लू चलती है, लेकिन इस बार इन इलाकों में दो-चार दिन ज्यादा ऐसी स्थिति बन सकती है यानी इन इलाकों में चार से छह दिन भयंकर लू चलने का अनुमान है. उन्होंने बताया कि मई के महीने में राजस्थान और गुजरात में नौ से 12 दिन तक लू चली और तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

(The above story first appeared on LatestLY on May 27, 2024 07:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).