देश की खबरें | संसद सदस्यों, पूर्व सांसदों ने लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सरदार हुकम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली, 30 अगस्त लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सरदार हुकम सिंह की जयंती के अवसर पर संसद सदस्यों, पूर्व सांसदों आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में संसद सदस्यों, पूर्व सदस्यों, लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह तथा लोकसभा और राज्यसभा सचिवालयों के अधिकारियों ने सरदार हुकम सिंह को श्रद्धांजलि दी।

बयान के अनुसार, सरदार हुकम सिंह एक प्रख्यात सांसद, प्रसिद्ध न्यायविद्, समाज सुधारक और सक्षम प्रशासक थे। अप्रैल 1948 में वह संविधान सभा के लिए निर्वाचित हुए।

वह अंतरिम संसद (1950-52) के साथ ही पहली, दूसरी और तीसरी लोकसभा के सदस्य भी रहे।

सरदार हुकम सिंह को 20 मार्च 1956 को लोकसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित किया गया था और दूसरी लोकसभा के दौरान उन्हें फिर से उसी पद के लिए चुना गया था। सरदार हुकम सिंह को तीसरी लोकसभा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित किया गया और उन्होंने 17 अप्रैल 1962 से 16 मार्च 1967 तक लोकसभा की अध्यक्षता की। बाद में, वह 1967 से 1972 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे।

सरदार हुकम सिंह का 27 मई 1983 को निधन हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)