इंफाल, 10 मार्च मेइती समूह अरामबाई टेंगोल ने मणिपुर में जारी संघर्ष के दौरान क्षतिग्रस्त हुए धार्मिक स्थलों की मरम्मत करने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश का स्वागत किया है और राज्य प्रशासन से सशस्त्र समूहों द्वारा कथित रूप से नष्ट किए गए हिंदू मंदिरों एवं मेइती धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
अरामबाई टेंगोल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर शाह की पहल को ‘‘सद्भाव बहाल करने और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम’’ बताया।
संगठन ने पवित्र स्थलों के पुनर्निर्माण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ‘‘इससे समुदायों के बीच शांति और एकता लाने में मदद मिलेगी।’’
संगठन ने हिंसा में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी और उनसे ‘‘शत्रुता छोड़ने और संविधान का सम्मान करने’’ का आग्रह किया।
इसके अलावा, उसने राज्य की क्षेत्रीय अखंडता को अस्थिर करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘ऐसी कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’
बयान में कहा गया, ‘‘केंद्र सरकार ने सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में एक कदम उठाया है और उनके निर्देशों का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है। अगर संकट जारी रहा तो हम चुप नहीं रहेंगे। हमारी भूमि और हमारे लोगों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY