जयपुर, छह जून भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा ने मंगलवार को राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी व संचार (आईटी) विभाग में पांच हजार करोड़ रुपए के गबन का आरोप लगाया और दावा किया कि इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एक रिश्तेदार शामिल है।
मीणा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ''सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग (आईटी विभाग) में कुल पांच हजार करोड़ रुपए का गबन है। इसमें जो शिकायतकर्ता, शिकायत लेकर मेरे पास आया था, उसको कल मैं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दफ्तर ले जाऊंगा और मुख्यमंत्री जी के खिलाफ और संबंधित आईटी के विशेषज्ञ, जिन्होंने घोटाले किए हैं उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।’’
भाजपा नेता ने कथित घोटाले में मुख्यमंत्री के एक रिश्तेदार द्वारा संचालित एक इन्फोटेक कंपनी की सीधी संलिप्तता का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के रिश्तेदार ने एक फर्म के जरिए अपनी बेटी के नाम से फर्जी बिल बनवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी बिलों के जरिये भुगतान उठाया गया, वाई फाई मशीनों के नियम विरुद्ध टेंडर निकाले गये, फर्जी तरीके से चीन निर्मित पोस मशीन खरीदी गई और पुलिस वाहनों में इस्तेमाल होने वाले जीपीएस डिवाइस और ई-मित्र मशीन की खरीद की गई।
मीणा ने दावा किया कि भाजपा आवास मंत्री शांति कुमार धारीवाल और मुख्यमंत्री के बेटे और राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वैभव गहलोत से जुड़े घोटालों का पर्दाफाश करेगी।
मीणा द्वारा लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY