देश की खबरें | एमसीडी के सफाईकर्मी की वाहन की चपेट में आने से हुई मौत

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक कर्मचारी की शनिवार को एक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में तब हुआ, जब राजकुमार सड़कों की सफाई कर रहा था। पुलिस को सुबह साढ़े छह बजे के आसपास घटना की सूचना मिली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एमसीडी कर्मचारी सड़कों की सफाई कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

उन्होंने कहा कि अपराध और मोबाइल फॉरेंसिक दलों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (सार्वजनिक मार्ग पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 304ए (लापरवाही के कारण किसी की मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एमसीडी सफाईकर्मी को टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हम इस मामले को देखेंगे और जो भी कल्याणकारी कदम उठाने की जरूरत होगी, उठाएंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)