नयी दिल्ली, नौ दिसंबर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अगले वित्त वर्ष के लिए बजट में पहले ‘मिल्क बैंक’ की स्थापना करने और नागरिक सुविधाओं की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमता का उपयोग करने का प्रावधान किया है।
निगम ने 2024-25 के अपने बजट अनुमान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 20 स्कूल भवनों के निर्माण के लिए धन का प्रावधान किया है।
एमसीडी ने शनिवार को वर्ष 2024-25 के लिए 16,683.02 करोड़ रुपये का बजट अनुमान पेश किया, जिसमें अनुमानित आय 15,686.99 करोड़ रुपये होगी।
निगम के राजस्व में 400 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है और इसने वित्त वर्ष 2022-23 में 2,417 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया। एमडीसी के मुताबिक, निगम ने अपने इतिहास में सबसे ज्यादा राजस्व संपत्ति कर से अर्जित किया है।
उसने कहा कि एमसीडी का पहला ‘मिल्क बैंक’ स्वामी दयानंद अस्पताल में स्थापित किया जाएगा।
निगम ने स्कूलों के रखरखाव के लिए 420 नर्सरी अटेंडेंट, सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मियों को नियुक्त करने की योजना बनाई है।
बजट में 44 स्कूलों में पुस्तकालय स्थापित करने और 25 प्रस्तावित मॉडल स्कूलों में ‘स्मार्ट इंटरैक्टिव पैनल’ स्थापित करने का प्रस्ताव है।
एमसीडी की आगामी वित्त वर्ष में लगभग एक लाख आवारा कुत्तों की नसबंदी करने की भी योजना है।
एमसीडी ने कहा कि वह लगभग सभी श्मशान घाटों के कंप्यूटरीकरण पर काम करेगा और दाह संस्कार पावती रसीद एवं मृत्यु प्रमाण पत्र आसानी से जारी करने के लिए उन्हें संबद्ध कार्यालयों से जोड़ेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY