नयी दिल्ली, 24 फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ‘गृह कर’ माफी योजना शुरू की है।
उन्होंने कहा कि जो लोग 2024-25 का बकाया ‘गृह कर’ चुका देंगे, उनके सभी पिछले लंबित कर माफ कर दिए जाएंगे।
यह घोषणा आप नेता, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर महेश खिंची, उप महापौर रवींद्र भारद्वाज और सदन के नेता मुकेश गोयल द्वारा सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान की गई।
इसके अलावा, 100 से 500 वर्ग गज के बीच की संपत्ति के मालिकों को 50 प्रतिशत कर छूट मिलेगी, जबकि 100 वर्ग गज से कम के गृह स्वामियों को गृह कर से पूरी तरह छूट मिलेगी।
पुनर्वास क्षेत्रों में वाणिज्यिक संपत्ति को भी कर छूट का लाभ मिलेगा और 1,300 आवासीय अपार्टमेंट के निवासियों, जिन्हें पहले कोई रियायत नहीं मिली थी, को अब कर में 25 प्रतिशत छूट मिलेगी।
महापौर महेश खिंची ने इस बात पर जोर दिया कि यह कदम जन कल्याण के प्रति आप की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
उन्होंने कहा, ‘‘आप ने जो वादा किया था, हमने उसे पूरा किया है। हमने पहले ही 12,000 अस्थायी एमसीडी कर्मचारियों को स्थायी कर दिया है और हम 25 तारीख को होने वाली एमसीडी सदन की बैठक में इस निर्णय को आधिकारिक रूप से लागू करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY