Sensex Update: सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक घटा
सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बीते सप्ताह तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक नीचे आ गया. शेयर बाजारों में जबर्दस्त बिकवाली के बीच शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में 3,09,178.44 करोड़ रुपये की गिरावट आई.
नयी दिल्ली, 30 जनवरी : सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बीते सप्ताह तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक नीचे आ गया. शेयर बाजारों में जबर्दस्त बिकवाली के बीच शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में 3,09,178.44 करोड़ रुपये की गिरावट आई. बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,836.95 अंक या 3.11 प्रतिशत टूटा. भू-राजनीतिक तनाव के बीच वैश्विक स्तर पर बाजारों में बिकवाली से स्थानीय शेयर बाजार भी नीचे आए. बीते सप्ताह शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण बढ़ा. सप्ताह के दौरान एसबीआई की बाजार हैसियत 18,340.07 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,67,069.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गई.
समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लि., एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई. रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 96,512.22 करोड़ रुपये घटकर 15,79,779.47 करोड़ रुपये पर आ गया. सबसे अधिक नुकसान में रिलायंस इंडस्ट्रीज ही रही. टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 53,488.29 करोड़ रुपये के नुकसान से 13,65,042.43 करोड़ रुपये रह गया. इन्फोसिस की बाजार हैसियत 42,392.63 करोड़ रुपये घटकर 7,08,751.77 करोड़ रुपये पर और एचडीएफसी बैंक की 31,815.01 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 8,11,061.12 करोड़ रुपये पर आ गई. बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन 30,333.64 करोड़ रुपये घटकर 4,14,699.49 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 16,291.53 करोड़ रुपये टूटकर 5,42,407.86 करोड़ रुपये रह गया. यह भी पढ़ें : Sensex Update: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 700 अंक से अधिक चढ़ा, निफ्टी 17,000 के पार पहुंचा
भारती एयरटेल के बाजार मूल्यांकन में 15,814.77 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 3,93,174.23 करोड़ रुपये रह गया. एचडीएफसी की बाजार हैसियत 13,319.96 करोड़ रुपये घटकर 4,56,102.42 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर की 9,210.39 करोड़ रुपये के नुकसान से 5,36,411.69 करोड़ रुपये रह गई. शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2022 11:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

