देश की खबरें | मराठा संगठनों ने जालना में कोरटकर और सोलापुरकर के खिलाफ प्रदर्शन किया

जालना, 21 मार्च छत्रपति संभाजी महाराज और छत्रपति शिवाजी महाराज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए महाराष्ट्र के नागपुर के पत्रकार प्रशांत कोरटकर और अभिनेता राहुल सोलापुरकर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जालना में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया गया।

मराठा क्रांति मोर्चा और शिव प्रेमी संगठन ने जिलाधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

कोल्हापुर के इतिहासकार इंद्रजीत सावंत को फोन करके कथित तौर पर भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में कोरटकर के खिलाफ 26 फरवरी को मामला दर्ज किया गया था।

वहीं, अभिनेता राहुल सोलापुरकर पर आरोप है कि उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के आगरा स्थित मुगल जेल से भागने के बारे में आपत्तिजनक बयान दिया था।

मराठा क्रांति मोर्चा के समन्वयक संजय लाखे पाटिल ने दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर जनता का ध्यान भटकाने के लिए औरंगजेब की कब्र का मुद्दा उठाने का भी आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)