देश की खबरें | माओवादियों ने केन्द्र सरकार की आत्मनिर्भर योजना के खिलाफ पोस्टर लगाए
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चतरा, नौ अक्टूबर चतरा के राजपुर थाना क्षेत्र के राजपुर बाजार में शुक्रवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) ने पोस्टर चिपकाकर दहशत फैला दी, जिसमें संगठन ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उसकी आत्मनिर्भर भारत योजना को महज ‘लॉलीपॉप’ बताया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि माओवादियों ने पोस्टर चिपका कर जनता से सरकार के दिवास्वप्न में नहीं पड़ने की बात कही है।

यह भी पढ़े | Coronavirus Updates in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या में 16 सौ से ज्यादा का इजाफा.

माओवादियों द्वारा क्षेत्र में पोस्टरबाजी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटा दिये।

बृहस्पतिवार को भी राजपुर थाना क्षेत्र के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित केंदुआ सहोर गांव में माओवादियों के नाम पर पोस्टर लगाए गए थे। 12 घण्टे के अंदर दूसरी बार है जब शुक्रवार को प्रतिबंधित माओवादी संगठन की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: सुशील मोदी का आरजेडी चीफ पर बड़ा हमला, कहा-लालू जेल में रहें या बाहर, उनकी चुनावी ‘ब्रांड वैल्यू’ शून्य.

राजपुर थाने से मामूली दूरी पर स्थित राजपुर बाजार में पोस्टर चिपकाकर माओवादियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। जिले का राजपुर थाना क्षेत्र बिहार और झारखंड का सीमावर्ती इलाका है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में यह इलाका पूर्व से ही चिन्हित रहा है।

ज्ञात हो कि क्षेत्र में दो बार हुए माओवादी हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। काफी अर्से तक यह इलाका नक्सली गतिविधियों को लेकर शांत रहा। लेकिन पोस्टरबाजी की घटना के बाद क्षेत्र में किसी अनहोनी की आशंका से दहशत का वातावरण बन गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)