देश की खबरें | कई छात्र संगठनों ने जेएनयू में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की

नयी दिल्ली, 11 सितंबर कई छात्र संगठनों ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन को सोमवार को पत्र लिखकर शैक्षणिक सत्र 2023-2024 के लिए छात्र संघ चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है।

छात्र संगठनों ने रेखांकित किया कि जेएनयू में 2019 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। इन संगठनों ने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने के मौके से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।

इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए 10 सितंबर को एक बैठक हुई थी और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आईसा), एनएसयूआई और एआईडीएसओ समेत 16 छात्र संगठनों ने इसमें हिस्सा लिया था।

इन संगठनों की ओर से जेएनयू के ‘डीन ऑफ स्टूडेंट्स’ को लिखे पत्र में कहा गया है, “ हम इस सर्वसम्मत सहमति पर पहुंचे हैं कि जेएनयूएसयू के चुनाव जेएनयूएसयू संविधान द्वारा निर्धारित मानदंडों और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार होने चाहिए।”

पत्र के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया की बागडोर विधिवत निर्वाचित छात्र चुनाव समिति के हाथ में होनी चाहिए और इसमें प्रशासन का कोई हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

पत्र में कहा गया है, “ हम मांग करते हैं कि ‘डीन ऑफ स्टूडेंट्स’ जेएनयूएसयू चुनाव शुरू करने के लिए जरूरी कदम उठाएं और उनमें तेजी लाएं।”

उसमें कहा गया है कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया छात्र-निर्वाचित चुनाव समिति के तत्वावधान में हो, जैसा जेएनयूएसयू संविधान में कहा गया है।

पत्र के मुताबिक, “ हम मांग करते हैं कि आपका कार्यालय और प्रशासन किसी भी बहाने से चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करे, क्योंकि ऐसा करना जेएनयूएसयू के संविधान का उल्लंघन होगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)