देश की खबरें | भाजपा एवं संघ से दोस्ती निभाते हैं हमारे कई लोग: डोटासरा

जयपुर, 15 जुलाई राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को कहा कि पार्टी में कई लोग भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से दोस्ती निभाते हैं जबकि यह ऐसी दोस्ती निभाने का समय नहीं है।

वे यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

पार्टी पदाधिकारियों से भारतीय जनता पार्टी एवं संघ के खिलाफ खुलकर बोलने की नसीहत देते हुए, डोटासरा ने बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘‘बहुत से लोग ऐसे बैठे हैं जो इस भाजपा और संघ को ठोक के जवाब देते हैं। और जब मेरा गला नहीं काट सकते तो तुम्हारा क्या बिगाड़ लेंगे, बोलो ठोक के। संघ गड़बड़ कर रहा है... बोलो, भाजपा गड़बड़ कर रही है... बोलो... किसी के खिलाफ। यह समय वो नहीं है कि हम दोस्ती निभाएं एक दूसरे से। हमारे कई लोग निभाते हैं। मैं मानता हूं। मुझे पता है।'

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘भाजपा के पदाधिकारी और विधायक के कहने से अधिकारी बदल जाते हैं लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता या विधायक के कहने से (ऐसा) नहीं होता।'

उन्‍होंने कहा, ‘‘कई तरह की दिक्कतें आती हैं और हम संगठन के लोग जब क्षेत्र में जाते हैं तो ये बात सुनने को मिलती हैं।'

साथ ही उन्‍होंने कहा, 'हम सब संगठन के लोग हैं सरकार हमने बनाई है, सबने मिलकर बनाई है। दोबारा अगर सरकार आती है तो संगठन के कारण आएगी और जो संगठन को महत्व देगा उसका उज्जवल भविष्य होगा इसमें कोई दो राय नहीं है।'

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक को संबोधित किया और उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को सक्रिय रहकर जनता से फीडबैक लेने को कहा।

डोटासरा ने बाद में, राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर अपनी पार्टी की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का यहां कर्नाटक से भी बुरा हाल होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के राजस्थान में लगातार दौरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “उनके आने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला...राजस्‍थान की जनता ने मन बना लिया है। राजस्‍थान में भाजपा का कर्नाटक से भी बुरा हाल होने वाला है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)