देश की खबरें | तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने दी पोंगल की शुभकामनाएं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चेन्नई, 13 जनवरी तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी, उप मुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम, द्रमुक प्रमुख एम. के. स्टालिन सहित कई नेताओं ने लोगों को पोंगल की शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा, ‘‘ हम सभी को अपनी परम्परा और संस्कृति पर गर्व करना चाहिए और आने वाले समय के लिए तमिल तौर-तरीकों को जीवंत रखना चाहिए।’’

पुरोहित ने कहा, ‘‘ इस दिन, हम प्रकृति का आनंद उठाते हैं और समृद्धि के लिए सूर्य भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं। इस त्योहार पर सभी के जीवन में खुशियां आएं और सभी का स्वास्थ्य उत्तम हो।’’

मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘ इस पोंगल के त्योहार पर खेती समृद्ध और किसान खुश हों। सभी के जीवन में प्रेम और शांति आए।’’

कृषि क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां गिनवाते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को लगभग 9,141 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई है और तमिलनाडु पिछले पांच साल से केन्द्र का ‘कृषि कर्मण पुरस्कार’ जीत रहा है।

सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के समन्वयक पनीरसेल्वम ने पोंगल की पूर्व संध्या पर पार्टी के एक बयान में लोगों को शुभकामनाएं दी।

द्रमुक प्रमुख एम. के. स्टालिन ने भी लोगों को पोंगल और तमिल नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।

द्रमुक के पूर्व अध्यक्ष एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने 2008 में तमिल कैलेंडर को संशोधित किया था और थाई (जनवरी) को तमिल नव वर्ष के तौर पर मान्यता दी थी। इसके बाद से द्रमुक के सभी सदस्य जनवरी में पोंगल के साथ ही नव वर्ष मनाते हैं।

स्टालिन ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस साल विधानसभा चुनाव के बाद ‘‘लोकतंत्र की एक नई सुबह’’ होगी। यहां अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

एमडीएमके के संस्थापक वाइको, कांग्रेस के राज्य प्रमुख के. एस. अलागिरी, भाजपा के राज्य प्रमुख एल. मुरुगन सहित कई नेताओं ने लोगों को पोंगल की शुभकामनाएं दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)