नलबाड़ी (असम), चार अक्टूबर असम के नलबाड़ी जिले में भाजपा के विवादास्पद नेता सत्य रंजन बोरा के आगमन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों की रविवार को उनके समर्थकों के साथ झड़प हुई जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने झड़प में शामिल लोगों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और हवा में गोली चलाई।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह कदमताल गांव में एक बैठक में शामिल होने से बोरा को रोकने के लिए गरभितोर गांव में धमधमा-कदमतल मार्ग को लोगों ने अवरूद्ध कर दिया।
बोरा ने कुछ समय पहले एक समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणी की थी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही नेता के आने की खबर फैली स्थानीय लोगों ने सड़क अवरूद्ध कर दी और उनके तथा बोरा के समर्थकों के बीच संघर्ष हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सूचना मिलने के बाद तुरन्त मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की लेकिन यह संभव नहीं हो पाया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और जिसमें हमारे कई जवान घायल हो गये।’’
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और हवा में गोलियां भी चलाई।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि झड़प और पुलिस लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं लेकिन उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है।
नेता और उनके समर्थक बैठक में शामिल हुए बिना पुलिस सुरक्षा में मौके से चले गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY