देश की खबरें | येदियुरप्पा, देवेगौड़ा, सहित कई बड़ी हस्तियों ने सुरेश अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 23 सितंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा सहित कई अन्य नेताओं ने रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया। अंगड़ी का बुधवार को नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कोविड-19 संक्रमण से निधन हो गया।

उत्तर कर्नाटक के बेलगवी से भाजपा सांसद एवं मंत्री (65) को 11 सितंबर को कोविड​​-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था।

यह भी पढ़े | कोरोना के केरल में 5,376 मरीज पाए गए: 23 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

येदियुरप्पा ने कहा कि अंगड़ी के निधन की खबर पर उन्हें भरोसा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मुझे भरोसा नहीं हुआ।’’

यह भी पढ़े | रेलवे ने 2022 तक पूर्ण विद्युतीकरण लक्ष्य के बावजूद इलेक्ट्रिक इंजनों की जरूरत का आकलन नहीं किया: कैग.

उन्होंने कहा, ‘‘अंगड़ी एक विनम्र, सौम्य और लोकप्रिय नेता थे। उनकी मृत्यु न केवल पार्टी और राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।"

वहीं जदएस प्रमुख एच डी देवेगौड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और बेलगावी से सांसद सुरेश अंगडी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं।"

अंगड़ी को अपना छोटा भाई कहते हुए देवेगौड़ा ने कहा कि उन्हें खोकर वह बहुत दुखी हैं।

देवगौड़ा ने कहा, "यह हमारे राष्ट्र के लिए एक असहनीय क्षति है।"

चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ के सुधाकर ने ट्वीट किया, "केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और बेलगावी लोकसभा क्षेत्र से लोकप्रिय सांसद सुरेश अंगडी के निधन की खबर से दुखी हूं।"

केंद्रीय मंत्रियों प्रह्लाद जोशी, डी वी सदानंद गौड़ा, उप-मुख्यमंत्रियों लक्ष्मण सावदी, गोविंद कार्जोल, डॉ सी एन अश्वथ नारायण और गृह मंत्री बसावराज बोम्मई, सांसद शोभा करंदलाजे और नलिन कुमार कटील ने भी अंगड़ी के निधन पर शोक जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)