तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी, 30 अप्रैल केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम ‘मन-की-बात’ इस बात का संकेत है कि कैसे नेता अपने शब्दों से देश को प्रेरित कर सकता है।
वहीं, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि ‘मन की बात’ ने लोगों के रवैये में बदलाव करने में अहम भूमिका निभाई है।
‘मन-की-बात’ की 100वीं कड़ी को सुनने के लिए राजभवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में खान ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री का रेडियो कार्यक्रम हृदय से निकले विचारों का साफगोई से प्रकटीकरण था जो सभी भारतीयों के दिलों को छूता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री द्वारा विकास, प्रगति, शिक्षा, कल्याण और अन्य विषयों पर की गई बात हमारे लोगों को प्रेरित करती है जो पहले कभी नहीं होता था।’’
केरल के राज्यपाल ने कहा कि रेडियो कार्यक्रम 130 करोड़ भारतीयों की इच्छा, सपने और आशावादिता को आवाज देती है जो पूरी मानवता का करीब छठा हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली सदी में अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट अमेरिकी जनता से सीधा संवाद करने के लिए फायरसाइड चैट का प्रसारण करते थे लेकिन उसकी केवल 30 कड़ियां प्रसारित हुईं। वहीं, ‘मन-की-बात’ की आज 100वीं कड़ी पूरी हो गई है। यह सबूत है कि कैसे नेता देश को अपने प्रेरणादायक शब्दों से कार्य के लिए प्रेरित कर सकता है।’’
असम के राज्यपाल कटारिया ने कहा, ‘‘ मन की बात ने ‘न्यू इंडिया’ के लिए लोगों के रवैये में बदलाव करने में भूमिका निभाई और यह लोगों और साथ ही समाज के व्यवहार में बदलाव से इंगित होता है।’’
कटारिया ने कहा कि प्रसारण ने स्वच्छ भारत अभियान, कोविड टीकाकरण और हर घर तिरंगा जैसे अभियानों में उत्प्रेरक का काम किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY