देश की खबरें | मणिपुर के सांसद अकोइजम ने राज्य के मौजूदा हालात पर राज्यपाल भल्ला से बातचीत की

इंफाल, छह मार्च मणिपुर के लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजम ने बृहस्पतिवार को राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और संघर्षग्रस्त राज्य में संकट की स्थिति पर तथा शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान अकोइजम ने संकट के वित्तीय निहितार्थों पर प्रकाश डाला तथा उन्हें दूर करने के लिए बजटीय उपायों का आग्रह किया।

सांसद ने भल्ला का ध्यान मणिपुर पुलिस की वैधता और क्षमता को बहाल करने एवं मजबूत करने की ओर आकर्षित किया।

सांसद ने पहाड़ियों और घाटियों दोनों ही जगह एक विवेकपूर्ण निरस्त्रीकरण प्रक्रिया पर जोर दिया तथा राजमार्गों पर मुक्त आवागमन सुनिश्चित करने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया।

उन्होंने राज्यपाल से राज्य के आवश्यक और वैध अधिकार का उपयोग करके चुनौतियों से दृढ़ता से निपटने का आग्रह किया।

अकोइजम ने राज्यपाल को जनता की चिंताओं को समझने और उनका समाधान करने में मदद करने के लिए स्थानीय सलाहकारों की नियुक्ति का भी सुझाव दिया।

बयान में कहा गया कि इसके अतिरिक्त, उन्होंने राज्य में अफीम की खेती, सिंथेटिक मादक पदार्थ और अवैध तस्करी सहित अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)