देश की खबरें | मणिपुर उपचुनाव: चार विधानसभा सीटों के लिए 91.54 प्रतिशत मतदान
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इम्फाल, सात नवंबर मणिपुर में चार विधानसभा सीटों के लिए हो रहे उप चुनाव में शनिवार को कुल 1.35 लाख मतदाताओं में से लगभग 91.54 प्रतिशत ने मतदान किया। कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल के सख्त अनुपालन के साथ मतदान आयोजित हुआ। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिना किसी अप्रिय घटना के मतदान संपन्न हुआ। 203 मतदान केंद्रों पर 91.54 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

यह भी पढ़े | Bihar Exit Polls 2020: बिहार की सत्ता के लिए NDA और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला, नीतीश कुमार पर भारी पड़ेंगे तेजस्वी यादव- चिराग पासवान का ऐसा होगा हाल.

अधिकारी के मुताबिक, थुबल जिले की लिलोंग और वांगजिंग-टेन्था, कंगपोकपी की सैतु और इम्फाल वेस्ट की वंगोई सीटों पर कुल 1,35,212 मतदाता हैं और 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।

चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, लिलोंग सीट पर सबसे अधिक 93.29 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि वंगोई पर 91.19, सैतु पर 90.88 और वांगजिंग-टेन्था सीट पर 90.86 प्रतिशत मतदान हुआ।

यह भी पढ़े | दिल्ली में इस साल डेंगू से एक भी व्यक्ति की नहीं गई जान, CM केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी.

इन चार क्षेत्रों के कांग्रेस विधायकों के विधानसभा और पार्टी से इस्तीफा देने के कारण ये उपचुनाव कराये जा रहे हैं। ये विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे।

भाजपा तीन सीटों पर उपचुनाव लड़ रही है जबकि एक सीट पर वह एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है। कांग्रेस ने चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतगणना दस नवंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)